पलाश मुच्छल को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ी राहत, स्मृति मंधाना के दोस्त की बयानबाजी पर लगाई रोक, जानें पूरा मामला
Published on: 13 Feb 2026 | Author: Antima Pal
मुंबई: म्यूजिक कंपोजर और सिंगर पलाश मुच्छल को बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत मिली है. कोर्ट ने क्रिकेटर स्मृति मंधाना के कथित करीबी दोस्त विज्ञान माने को पलाश के खिलाफ और कोई बयान देने या प्रकाशित करने से तुरंत रोक दिया है. यह अंतरिम राहत पलाश की मानहानि के केस में मिली है, जिसमें उन्होंने 10-11 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा है. यह विवाद तब शुरू हुआ जब पलाश और स्मृति मंधाना की शादी नवंबर 2025 में कैंसिल हो गई.
पलाश मुच्छल को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ी राहत
कुछ महीनों बाद विज्ञान माने ने मीडिया इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि पलाश ने उन्हें 40 लाख रुपये का चीट किया था, जो किसी फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ा था. साथ ही उन्होंने पलाश पर स्मृति को धोखा देने का भी इल्जाम लगाया. माने ने कहा कि शादी के दिन पलाश को किसी दूसरी महिला के साथ बिस्तर पर पकड़ा गया था और स्मृति के दोस्तों ने उन्हें पीटा भी था.
स्मृति मंधाना के दोस्त की बयानबाजी पर लगाई रोक
इन आरोपों ने सोशल मीडिया पर खूब हंगामा मचा दिया. पलाश ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया और कहा कि ये झूठे और बेबुनियाद हैं. उन्होंने विज्ञान माने के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया. उनके वकील श्रेयांश मिथारे ने बताया कि कोर्ट का यह आदेश पलाश के लिए बहुत बड़ी राहत है. उन्होंने कहा- 'कोर्ट ने फर्जी और झूठे बयानों पर तुरंत रोक लगा दी है. अगर कोई आरोप लगाता है तो उसके पास सबूत होने चाहिए. अभी तक पलाश के खिलाफ कोई सबूत नहीं है.'
वकील ने आगे कहा कि ये आरोप सिर्फ मीडिया अटेंशन पाने के लिए लगाए गए हैं और पलाश पूरी तरह निर्दोष हैं. कोर्ट ने विज्ञान माने को दो हफ्ते का समय दिया है कि वे अपना जवाब दाखिल करें और अपने आरोपों के समर्थन में सामग्री पेश करें. कोर्ट ने यह भी कहा कि ऐसे बयान व्यक्ति की प्रतिष्ठा और सम्मान को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए इन्हें रोकना जरूरी है. यह केस बॉलीवुड और स्पोर्ट्स की दुनिया में काफी चर्चा में है, क्योंकि इसमें एक पॉपुलर क्रिकेटर और म्यूजिशियन का नाम जुड़ा है.