मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर क्यों लगा 12 किमी लंबा महाजाम, 18 घंटे तक फंसे रहे लोग; वीडियो में देखें डरावना मंजर
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Kuldeep Sharma
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम हुआ एक हादसा रातभर हजारों यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गया. दरअसल खंडाला घाट में प्रोपाइलीन गैस से भरा एक टैंकर पलट गया. इसके बाद सुरक्षा कारणों के चलत सड़क बंद करनी पड़ी गई. गैस रिसाव के चलते राहत कार्य लंबा चला और इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर करीब 18 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. सड़क पर 12 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया.
खंडाला घाट में पलटा गैस टैंकर
यह हादसा मंगलवार शाम करीब 5 बजे रायगढ़ जिले के खंडाला घाट सेक्शन में हुआ. जानकारी के अनुसार ढलान पर नियंत्रण खोने के बाद टैंकर पलट गया. टैंकर में अत्यधिक ज्वलनशील प्रोपाइलीन गैस भरी थी. पलटते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद एहतियातन मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग तुरंत बंद कर दिया गया.
राहत दलों की हुई तैनाती
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और भारत पेट्रोलियम की टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह तक केवल 50 प्रतिशत गैस ही सुरक्षित तरीके से निकाली जा सकी थी. शेष गैस को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया देर शाम तक चलने की संभावना जताई गई थी. इसी कारण से यातायात बहाली में देरी हुई.
रातभर फंसे रहे सैकड़ों वाहन
एक्सप्रेसवे बंद रहने से दोनों दिशाओं में यातायात पूरी तरह थम गया. कई वाहन रातभर हादसे के पास ही खड़े रहे. बसों और कारों में बैठे यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को खाने-पीने और शौचालय की सुविधा तक नहीं मिल सकी. एक एमएसआरटीसी बस कंडक्टर ने बताया कि उनकी बस छह घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसी रही.
यहां देखें वीडियो
Mumbai-Pune Expressway is a literal parking lot rn 🚗🚕
— been_there_done_that (@pranav_72) February 3, 2026
Traffic crawling for hours near Lonavala & Khandala due to truck overturn. If you absolutely don’t have to travel, don’t. #MumbaiPuneExpressway #TrafficJam #Maharashtra pic.twitter.com/tOhR4BdTDV
पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से सफर करने की अपील की
स्थिति संभालने के लिए कुछ दूरी तक ट्रैफिक को विपरीत लेन से निकाला गया, लेकिन गैस रिसाव के कारण यह व्यवस्था भी सीमित रही. बाद में वाहनों को पुराने मुंबई-पुणे हाईवे की ओर मोड़ा गया. हाईवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य न हों, एक्सप्रेसवे से यात्रा न करें.