JEE Main 2026 Session 2 Registration: जेईई मेन सेशन 2 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, ऐसी गलती भूलकर भी ना करें उम्मीदवार
Published on: 02 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: इंजीनियरिंग में करियर बनाने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए अहम खबर है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए ने जेईई मेन 2026 सेशन 2 की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 25 फरवरी 2026 तय की गई है.
आवेदन प्रक्रिया शुरू
एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जेईई मेन सेशन 2 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लिंक सक्रिय कर दिया गया है. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करना भी अनिवार्य है. बिना शुल्क भुगतान के आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
सेशन 1 के उम्मीदवारों के लिए नियम
जो अभ्यर्थी पहले ही जेईई मेन 2026 सेशन 1 के लिए आवेदन कर चुके हैं और सत्र 2 में भी शामिल होना चाहते हैं, उन्हें नया रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं है. ऐसे उम्मीदवार अपने पुराने आवेदन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन कर सकते हैं और केवल आवश्यक विकल्प चुनकर शुल्क जमा कर सकते हैं.
नए उम्मीदवारों को क्या करना होगा?
जिन छात्रों ने सेशन 1 के लिए आवेदन नहीं किया था, उन्हें सत्र 2 के लिए नया पंजीकरण करना होगा. इसके लिए वेबसाइट पर जाकर रजिस्टर करना, आवेदन फॉर्म भरना और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना जरूरी है. सभी जानकारी सावधानी से भरने की सलाह दी गई है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले jeemain.nta.nic.in पर जाएं. होम पेज पर उपलब्ध सेशन 2 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें. रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म भरें, शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट करें. इसके बाद उम्मीदवार पुष्टिकरण पेज डाउनलोड करें और आखिरी में उम्मीदवार एक प्रिंट आउट ले लें.
ये गलती ना करें उम्मीदवार
उम्मीदवारों को एक से ज्यादा आवेदन फॉर्म भरने की परमिशन नहीं है. जिस भी उम्मीदवार के एक से अधिक आवेदन नंबर होंगे, उसे गलत तरीका माना जाएगा. ऐसी स्थिति में उम्मीदवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है.
मदद और संपर्क जानकारी
यदि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की परेशानी आती है, तो उम्मीदवार एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा jeemain@nta.ac.in पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है. अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.