'बॉर्डर 2' ने वर्ल्डवाइड बना लिया तगड़ा रिकॉर्ड, महज 12 दिनों में कर ली इतनी कमाई
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Antima Pal
मुंबई: सनी देओल और वरुण धवन की जोरदार वापसी वाली फिल्म 'बॉर्डर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का परफॉर्मेंस जारी रखा है. 2026 की शुरुआत में रिपब्लिक डे वीकेंड पर रिलीज हुई इस वॉर ड्रामा ने दर्शकों के दिल जीत लिए हैं. हालांकि साल की सबसे बड़ी कमाई वाली फिल्म धुरंधर अभी भी टॉप पर कायम है, लेकिन बॉर्डर 2 ने अपनी रफ्तार से सबको हैरान कर दिया है. फिल्म की शुरुआत शानदार रही. पहले दिन से ही दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और ओपनिंग वीकेंड में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया.
'बॉर्डर 2' ने वर्ल्डवाइड बना लिया तगड़ा रिकॉर्ड
पहले हफ्ते में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर मजबूत कमाई के साथ फिल्म ने तेजी से आगे बढ़ती रही. अब 12 दिनों (यानी 1 हफ्ते और 5 दिन) में बॉर्डर 2 ने विश्व स्तर पर लगभग 392-411 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. विभिन्न ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार भारत में नेट कलेक्शन 286-315 करोड़ के बीच पहुंच चुका है, जबकि विदेशी बाजारों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. दूसरे हफ्ते में वर्किंग डेज पर कमाई थोड़ी धीमी हुई है. दूसरे मंगलवार (दिन 12) को फिल्म ने भारत में 5.75 से 6.69 करोड़ के बीच कमाई की. यह गिरावट सामान्य है, क्योंकि वीकेंड के बाद मिड-वीक में थिएटरों में भीड़ कम हो जाती है. फिर भी फिल्म ने 400 करोड़ क्लब में एंट्री करने की मजबूत स्थिति बना ली है.
फिल्म का बजट 275 करोड़
कुछ रिपोर्ट्स में विश्व स्तर पर 392 करोड़ से ज्यादा का आंकड़ा बताया गया है और जल्द ही 400 करोड़ का पड़ाव पार होने की उम्मीद है. यह रिकॉर्ड इसलिए खास है क्योंकि बॉर्डर 2 ने हाल के कई वॉर-आधारित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. फिल्म का बजट 275 करोड़ के आसपास बताया जा रहा है और अब यह मुनाफे की राह पर तेजी से बढ़ रही है. सनी देओल की पैट्रियॉटिक इमेज, वरुण धवन की एनर्जी, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की परफॉर्मेंस ने दर्शकों को थिएटर तक खींचा है.
निर्देशक अनुराग सिंह की यह फिल्म 1997 की क्लासिक 'बॉर्डर' की अलग कहानी है, जो देशभक्ति और युद्ध की भावना को नए अंदाज में पेश करती है. दर्शकों का कहना है कि फिल्म के इमोशनल सीन और एक्शन सीक्वेंस दिल को छू जाते हैं. सोशल मीडिया पर भी बॉर्डर 2 की तारीफों के पुल बंधे हुए हैं. हालांकि धुरंधर जैसी मेगा हिट के सामने अभी चुनौती है, लेकिन बॉर्डर 2 साल 2026 की सबसे चर्चित और सफल फिल्मों में शुमार हो चुकी है.