मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'घूसखोर पंडित' पर छिड़ा विवाद, टाइटल को लेकर क्यों मिल रही बॉयकॉट की धमकी!
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Antima Pal
मुंबई: मनोज बाजपेयी एक बार फिर अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों को इंप्रेस करने की तैयारी में हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म घूसखोर पंडित का टीजर हाल ही में नेटफ्लिक्स के 2026 लाइनअप इवेंट में रिलीज हुआ. इस थ्रिलर में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जो सत्ता, भ्रष्टाचार और साजिशों के जाल में फंसा हुआ है. फिल्म को नीरज पांडे ने प्रेजेंट किया है और इसमें नुशरत भारुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता जैसी मजबूत कास्ट है.
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'घूसखोर पंडित' पर छिड़ा विवाद
टीजर में मनोज बाजपेयी का किरदार सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित है, जिसे दिल्ली में 'पंडित' नाम से जाना जाता है. वह 20 साल पहले सब-इंस्पेक्टर के रूप में जॉइन हुए थे, लेकिन खराब सर्विस रिकॉर्ड की वजह से आज भी उसी रैंक पर अटके हैं. टीजर में उनका इंट्रो काफी इंटेंस है – 'हर करप्ट ऑफिसर को बदलने का एक मौका मिलता है, अब ऑफिसर अजय दीक्षित की बारी है.' यह लाइन फिल्म की थीम को साफ दिखाती है, जहां एक भ्रष्ट पुलिसवाले को आखिरी मौका मिलता है. लेकिन फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई.
वजह है इसका टाइटल – घूसखोर पंडत. टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर विरोध जताया. कई लोगों का कहना है कि यह टाइटल जातिवादी है और खासकर ब्राह्मण या पंडित समुदाय को निशाना बनाता है. यूजर्स ने इसे 'कास्टिस्ट' बताते हुए मांग की है कि टाइटल तुरंत बदला जाए. सोशल मीडिया पर पोस्ट्स में लिखा गया- 'नेटफ्लिक्स, तैयार रहो मास बॉयकॉट के लिए!' एक यूजर ने कहा- 'अगर 'घूसखोर दलित' या 'घूसखोर मुस्लिम' नाम रखते तो क्या होता? यह नाम बदलो वरना बॉयकॉट!' कुछ ने तो कानूनी कार्रवाई की बात भी की, जैसे "कोर्ट में मिलेंगे.'
'बिरादरी को बदनाम करने की कोशिश'
कई यूजर्स का मानना है कि फिल्म किसी खास बिरादरी को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, जबकि कहानी भ्रष्टाचार पर है. फिलहाल नेटफ्लिक्स या फिल्म टीम की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. मनोज बाजपेयी की एक्टिंग को लेकर फैंस उत्साहित हैं, लेकिन टाइटल ने पूरी चर्चा को बदल दिया.
कुछ लोग कह रहे हैं कि यह सिर्फ एक किरदार का निकनेम है, लेकिन विरोध की लहर तेज है. यह फिल्म 2026 में नेटफ्लिक्स पर आएगी और थ्रिलर लवर्स के लिए काफी इंटरेस्टिंग लग रही है. लेकिन टाइटल विवाद ने इसे पहले से ही सुर्खियों में ला दिया. क्या मेकर्स टाइटल बदलेंगे या विवाद जारी रहेगा? यह देखना दिलचस्प होगा.