डॉन 3 और कृष 4 में एंट्री के सवाल से क्यों बचती दिखीं प्रियंका चोपड़ा? सालों बाद बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं 'देसी गर्ल'
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Babli Rautela
मुंबई: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा लंबे समय से बॉलीवुड से दूर हैं, लेकिन अब उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फरहान अख्तर की डॉन 3 और ऋतिक रोशन की कृष 4 जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्मों के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है. इन अफवाहों पर अब खुद प्रियंका ने अपना रिएक्शन देते हुए चुप्पी तोड़ी है.
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि एसएस राजामौली की पैन इंडिया फिल्म वाराणसी में काम करने के बाद प्रियंका बॉलीवुड में फिर से एक्टिव हो सकती हैं. ऐसे में फैंस यह जानने को बेताब थे कि क्या वह वाकई डॉन और कृष जैसी फिल्मों में नजर आएंगी.
प्रिंयका चोपड़ा की 6 साल बाद बॉलीवुड में वापसी
एक इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने साफ किया कि भारत में फिल्म करना उनके लिए किसी घर वापसी से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय सिनेमा में लौटने का कोई सही तरीका हो सकता था, तो वह वाराणसी जैसी फिल्म ही होती. प्रियंका के मुताबिक भारत में फिर से कैमरे का सामना करना उनके लिए भावनात्मक अनुभव है. करीब छह साल बाद वह किसी भारतीय फिल्म का हिस्सा बनी हैं और इसे लेकर उनका उत्साह साफ झलकता है.
जब प्रियंका से डॉन 3 और कृष 4 में उनकी संभावित वापसी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि वह नहीं जानतीं कि वह इन फिल्मों के बारे में बात कर सकती हैं या नहीं. उनके इस जवाब पर वाराणसी में उनके को स्टार महेश बाबू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसका मतलब कुछ तो चल रहा है. इस बयान के बाद अफवाहों को और हवा मिल गई है.
फिल्मों में डांस करना चाहती हैं प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका ने अपने बयान में यह जरूर कहा कि आगे का वक्त बहुत रोमांचक होने वाला है. उन्होंने यह भी माना कि भारतीय सिनेमा में लौटकर वह बेहद खुश हैं. उन्होंने बताया कि इस वापसी का उनका सबसे पसंदीदा हिस्सा फिर से डांस करना रहा. प्रियंका ने कहा कि हॉलीवुड फिल्मों में उन्हें डांस करने का मौका नहीं मिलता, लेकिन भारतीय फिल्मों में यह उनके लिए हमेशा खास रहा है.
प्रियंका चोपड़ा ने भारत और पश्चिमी सिनेमा में काम करने के अपने अनुभवों को भी साझा किया. उनके मुताबिक दोनों जगह फिल्म बनाने की संस्कृति बिल्कुल अलग है. उन्होंने कहा कि हॉलीवुड में काम करते समय उन्हें अपना माइंडसेट पूरी तरह बदलना पड़ता है. वहीं भारत में काम करते हुए वह पूरी तरह देसी अंदाज में ढल जाती हैं. प्रियंका का मानना है कि एक इंडस्ट्री से दूसरी में सीखी चीजों को सीधे लागू नहीं किया जा सकता.