'मुनाफे पर कम ध्यान दें', विकसित भारत के लिए पीएम मोदी ने प्राइवेट सेक्टर को बताया बेहद अहम, दी ये प्रमुख सलाह
Published on: 15 Feb 2026 | Author: Sagar Bhardwaj
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में देश की आर्थिक रफ्तार की प्रगति के लिए प्राइवेट सेक्टर को अहम बताया. उन्होंने कहा कि भारत के अगले दौर के आर्थिक बदलाव के लिए प्राइवेट सेक्टर प्रमुख भूमिका निभाएगा. पूर्व यूपीए सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने सुधारों, डिजिटल ग्रोथ और सेना के आधुनिकीकरण पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि उद्योगों द्वारा नवाचार और क्षमता निर्माण में साहसिक निवेश विकसित भारत के दृष्टिकोण को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
एक मीडिया एजेंसी को दिए इंटरव्यू में मोदी ने कहा कि सुधार उनकी सरकार की मूल प्रतिबद्धता रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतिगत निरंतरता और निर्णायक शासन ने बड़े पैमाने पर प्रगति को गति दी है.
पीएम के इंटरव्यू के प्रमुख अंश
. 'आर्थिक परिवर्तन के अगले चरण के लिए प्राइवेट सेक्टर महत्वपूर्ण है. उनसे निर्णायक प्रतिक्रिया की अपेक्षा की जाती है. प्रोडक्शन बढ़ाने के साथ प्राइवेट सेक्टर के मालिकों को श्रमिकों के साथ उचित लाभ का बंटवारा करना चाहिए.'
. 'विकसित भारत की अगली छलांग प्राइवेट सेक्टर द्वारा नवाचार, दीर्घकालिक क्षमता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में किए गए साहसिक निवेश पर निर्भर करेगी.'
. 'प्राइवेट सेक्टर को लाभ मार्जिन की रक्षा पर कम ध्यान देना चाहिए और अनुसंधान एवं विकास, आपूर्ति श्रृंखला और गुणवत्ता में आक्रामक रूप से निवेश करना चाहिए.'
. 'डेटा सेंटर हमारे युवाओं के लिए रोजगार के बड़े स्रोत होंगे. हम पूरी दुनयिा के डेटा को भारत में स्थापित होने के लिए आमंत्रित करते हैं.'
. 'सरकार का यह कर्तव्य है कि वह वर्तमान परिस्थितियों के हिसाब से रक्षा क्षेत्र का आधुनिकीकरण करे.'
. 'यूपीए शासन के दौरान बातचीत शुरू होती और फिर टूट जाती. लंबी बातचीत के बावजूद कोई ठोस नतीजे नहीं निकलते थे.'
. 'हमारी सरकार का प्रत्येक निर्णय महिलाओं के कल्याण से जुड़ा होता है. मेरा विश्वास है कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाएं ही सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.'