तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे ओम बिड़ला, आखिर बांग्लादेश क्यों नहीं जा रहे पीएम मोदी?
Published on: 15 Feb 2026 | Author: Sagar Bhardwaj
17 फरवरी को ढाका में तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. भारत को भी इस शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता मिला है. जानकारी के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.
बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की. साल 2024 में शेख हसीना को पद से हटाए जाने के बाद देश में यह पहले राष्ट्रीय चुनाव थे.
पीएम मोदी को मिला था निमंत्रण
बांग्लादेश ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा था लेकिन 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के चलते पीएम इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे.
एक बयान में भारत सरकार ने कहा कि ओम बिड़ला का शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना ढाका के साथ भारत के संबंधों की महत्ता को दर्शाता है और दोनों पड़ोसियों के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रदर्शित करता है.
अन्य क्षेत्रीय नेताओं के साथ-साथ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भी तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है. मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने भारत, चीन, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान सहित 13 देशों को आमंत्रित किया गया है.
बीएनपी की प्रचंड जीत
बता दें कि संसदीय चुनाव में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटों पर जीत दर्ज कर दो दशकों बाद सत्ता में वापसी का रास्ता साफ किया है. वहीं दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिली. वहीं शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था.