भारतीय शख्स ने अमेरिकी फ्लाइट में महिला से साथ की 'घिनौनी हरकत', विरोध करने पर किया सोने का नाटक, पकड़े जाने पर हुआ ये हाल
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Km Jaya
नई दिल्ली: 30 जनवरी को अमेरिकी अटॉर्नी के ऑफिस द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज के अनुसार अमेरिका में एक फेडरल जूरी ने एक भारतीय नागरिक को कमर्शियल फ्लाइट के दौरान एक साथी यात्री का यौन उत्पीड़न करने का दोषी पाया है.
कोर्ट रिकॉर्ड के अनुसार यह मामला 2024 को हुई एक घटना से संबंधित है. जब आरोपी, जिसकी पहचान वरुण अरोड़ा के रूप में हुई है, वह रोड आइलैंड टीएफ ग्रीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट में यात्रा कर रहा था.
प्रेस रिलीज में क्या बताया गया?
ट्रायल के दौरान पेश किए गए सबूतों के अनुसार प्रेस रिलीज में कहा गया है कि विमान के उतरने के आखिरी समय में महिला की नींद खुली तो उसने देखा कि अरोड़ा उसे गलत तरीके से छू रहा था. कोर्ट के निष्कर्षों में कहा गया है कि पीड़िता के बार-बार हाथ हटाने के बावजूद, अरोड़ा ने सोने का नाटक करते हुए, स्लीप मास्क का इस्तेमाल करके यह हरकत जारी रखी.
कितने दिन की हो सकती है सजा?
अमेरिकी अटॉर्नी के ऑफिस ने आगे कहा कि अरोड़ा फिलहाल अमेरिका में बिना कानूनी इमिग्रेशन स्टेटस के मौजूद हैं. जूरी के फैसले के बाद अरोड़ा को अब दो साल तक की जेल की सजा हो सकती है. प्रेस रिलीज के अनुसार उसकी सजा 7 मई को तय की जाएगी, जिसमें एक फेडरल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों और अन्य कानूनी कारकों की समीक्षा करने के बाद अंतिम सजा तय करेंगे.
इस मामले की जांच FBI के वाशिंगटन फील्ड ऑफिस ने की थी और इसका मुकदमा स्पेशल असिस्टेंट अमेरिकी अटॉर्नी मैडिसन मुम्मा और असिस्टेंट अमेरिकी अटॉर्नी रसेल एल कार्लबर्ग द्वारा चलाया जा रहा है.
पहले भी हुई ऐसी घटना?
इसी तरह की एक घटना में एक भारतीय व्यक्ति को ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में 12 साल की लड़की का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में जेल की सजा सुनाई गई है. आरोपी की पहचान 34 वर्षीय जावेद इनामदार के रूप में हुई है, जो दिसंबर 2024 में मुंबई से लंदन की यात्रा कर रहा था, जब उसने सो रही बच्ची का यौन उत्पीड़न किया.