कार पर पेट्रोल पंप का पोल गिरने से सपा नेता की दर्दनाक मौत, प्रतापगढ़ से सामने आया हादसे का दिल दहला देने वाला वीडियो
Published on: 15 Feb 2026 | Author: Sagar Bhardwaj
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. पेट्रोल पंप की होर्डिंग वाला पोल सड़क पर जा रही एक कार के ऊपर जा गिरा जिसमें समाजवादी पार्टी के नेता लाल बहादुर यादव की दर्दनाक मौत हो गयी.
यह पोल भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर लगा हुआ था. हादसा इतना भयानक था कि पोल गिरने से लाल बहादुर यादव की पूरी गाड़ी चकनाचूर हो गई और उसमें सवार उनकी मौत हो गयी. उनकी मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. यह हादसा ऐसा था कि इसमें लाल बहादुर यादव को बचाने की कोई भी गुंजाइश नहीं थी.
A high mast light pole at a filling station fell on a moving car in Pratapgarh district of Uttar Pradesh. A Samajwadi party leader Lal Bahadur Yadav died on the spot. pic.twitter.com/qAtu8CS81D
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) February 15, 2026
क्रेटा कार से शहर जा रहे थे यादव
बताया जा रहा है कि ठेकेदार और सपा नेता लाल बहादुर यादव (48) अपनी क्रेटा कार से शहर जा रहे थे, जब वह पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे तभी पेट्रोल पंप पर लगा पोल अचानक से उनकी कार के ऊपर आ गिरा. यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
लाल बहादुर यादव नगर पंचायत अंतू के बाबूगंज कस्बे के रहने वाले थे और रविवार दोपहर करीब 11.45 मिनट पर बाबूगंज बाजार पहुंचे थे. हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई, लोगों ने भारी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह घटना कोई नहीं हैं भारत में आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं. पूरे देश में सड़कों और हाईवेज के किनारे विज्ञापन के भारी भरकम पोल लगे हुए हैं, इनमें से कई पोल बहुत पुराने हैं और हादसे की वजह बन सकते हैं.