T20 World Cup 2026: धोनी ने भारत को बताया सबसे खतरनाक टीम, लेकिन बताया क्या चीज तोड़ सकती है खिताब जीतने का सपना
Published on: 04 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप को लेकर उत्साह चरम पर है. डिफेंडिंग चैंपियन भारत की तैयारियों पर सबकी नजर है. इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय टीम की ताकत, अनुभव और संभावनाओं पर खुलकर बात की है.
भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम के पास हर वह गुण मौजूद है, जो उसे टूर्नामेंट में बाकी टीमों से ज्यादा खतरनाक बनाता है.
'खिलाड़ियों के पास टी20 का लंबा अनुभव'
धोनी के अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों के पास टी20 प्रारूप का लंबा अनुभव है. उन्होंने दबाव वाले हालात में लगातार क्रिकेट खेला है. चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, हर खिलाड़ी अपनी भूमिका से परिचित है. यही समझ किसी भी टीम को बड़े मंच पर मजबूत बनाती है.
ओस को लेकर क्या बोले धोनी?
धोनी ने एक ऐसे पहलू की ओर इशारा किया जो उन्हें हमेशा परेशान करता रहा है. उनके मुताबिक, ओस टी20 मैच का रुख बदल सकती है. ओस के कारण टॉस का महत्व बहुत बढ़ जाता है और कई बार बेहतर टीम भी नुकसान में चली जाती है.
अनिश्चितता और किस्मत
धोनी ने कहा कि टी20 क्रिकेट में अनिश्चितता हमेशा रहती है. अगर एक साथ कई अहम खिलाड़ियों का खराब दिन हो जाए और विरोधी का कोई खिलाड़ी चमक जाए, तो मैच पलट सकता है. ऐसे मौकों पर फिटनेस, सही क्रियान्वयन और थोड़ी किस्मत बेहद जरूरी होती है.
तैयारियों पर भरोसा
पूर्व कप्तान ने कहा कि भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां काफी पहले शुरू कर दी होगी. खिलाड़ियों को पता है कि किस स्थिति में उनसे क्या अपेक्षा है. यही स्पष्टता टीम को आत्मविश्वास देती है और मुश्किल पलों में भी संतुलन बनाए रखने में मदद करती है.
ग्रुप ए की स्थिति
भारत ग्रुप ए में पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ है. पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा के बाद भारत की एक जीत पहले से तय मानी जा रही है. इससे टीम को अंक तालिका में शुरुआती बढ़त मिल सकती है.
दो बार विजेता बना भारत
आपको बता दें कि पहला टी20 विश्व कप साल 2007 में खेला गया था, जिसमें भारत का नेतृत्व महेंद्र सिंह धोनी ने किया था. धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 फॉर्मेट में विश्व विजेता बना था. इस टूर्नामेंट में युवराज सिंह और गौतम गंभीर ने शानदार प्रदर्शन किया था. इस ऐतिहासिक जीत में इन दोनों खिलाड़ियों की अहम भूमिका था. साल 2007 के बाद 2024 में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था.