सुपर 8 के लिए सभी टीमें फाइनल, यहां जानें भारत-पाकिस्तान के ग्रुप का पूरा शेड्यूल आया सामने; जानें कब और कहां होगी टक्कर
Published on: 18 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप चरण अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है. इस बड़े टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था, लेकिन अब तक 12 टीमें बाहर हो चुकी हैं. पहले ही सात टीमें सुपर-8 चरण में जगह बना चुकी थी. वहीं, पाकिस्तान ने करो या मरो वाले मुकाबले में नामीबिया को हरा दिया और सुपर-8 में पहुंचने वाली आठवीं और आखिरी टीम बन गई.
पाकिस्तान ने ग्रुप-ए का अपना अंतिम मैच नामीबिया के खिलाफ खेला. इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई. पाकिस्तानी गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर उसे संभलने का मौका नहीं दिया और टीम 102 रन से मुकाबला हार गई. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने अगले दौर के लिए टिकट पक्का कर लिया.
टूर्नामेंट से बाहर अमेरिका
पाकिस्तान की जीत का असर दूसरे दावेदारों पर भी पड़ा. अमेरिका की टीम अब सुपर-8 में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गई. इस तरह ग्रुप चरण के अंत के साथ ही सुपर-8 की सभी आठ टीमों का नाम फाइनल हो गया.
टीमों को दो समूहों में बांटा गया
सुपर-8 चरण में टीमों को दो समूहों में बांटा गया है और हर ग्रुप में चार-चार टीमें हैं. एक ग्रुप में पाकिस्तान के साथ श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को रखा गया है. अब इन चारों टीमों के बीच आपस में मुकाबले होंगे. इस ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी. इसलिए इस ग्रुप के सभी मैच काफी रोमांचक और प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है.
22 फरवरी को भारत का पहला मैच
अगर भारत के ग्रुप की बात करें, तो भारत के साथ दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं. ये चारों टीमें आपस में भिड़ेंगी और यहां से भी दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. भारत का सुपर-8 चरण में पहला मुकाबला 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा, जो टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा.
12 टीमों का बंधा बोरिया बिस्तर
इस टूर्नामेंट से अब तक जो 12 टीमें बाहर हो चुकी हैं, उनमें अमेरिका, नीदरलैंड्स, नामीबिया, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा और अफगानिस्तान शामिल हैं. इन टीमों का सफर ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में प्रवेश कर चुका है. सुपर-8 में पहुंच चुकी टीमें अब सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी पूरी ताकत झोंकेंगी, जिससे आगे के मुकाबले और भी ज्यादा दिलचस्प होने वाले हैं.
पाकिस्तान वाले ग्रुप का पूरा अपडेट
तारीख मुकाबले जगह
21 फरवरी न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान कोलंबो
22 फरवरी इंग्लैंड बनाम श्रीलंका कैंडी
24 फरवरी इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान कैंडी
25 फरवरी न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका कोलंबो
27 फरवरी इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड कोलंबो
28 फरवरी पाकिस्तान बनाम श्रीलंका कैंडी
भारत वाले ग्रुप का पूरा अपडेट
22 फरवरी भारत बनाम साउथ अफ्रीका अहमदाबाद
23 फरवरी वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे मुंबई
26 फरवरी साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज अहमदाबाद
26 फरवरी भारत बनाम जिम्बाब्वे चेन्नई
1 मार्च जिम्बाब्वे बनाम साउथ अफ्रीका दिल्ली
1 मार्च भारत बनाम वेस्टइंडीज कोलकाता