T20 World Cup 2026: अभिषेक शर्मा को लेकर आई बुरी खबर, क्या पाकिस्तान के खिलाफ भी नहीं खेल पाएगा 'धुरंधर ओपनर'?
Published on: 12 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम को झटका लगा है. युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और अगले एक-दो मैच से बाहर रह सकते हैं. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले टीम प्रबंधन की चिंता स्वाभाविक रूप से बढ़ गई है. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन और बीसीसीआई की मेडिकल टीम अभिषेक की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है. और साथ ही उन्होंने प्लेइंग इलेवन में हुए बदलावों और पिच की स्थिति पर भी खुलकर बात की.
BCCI ने क्या बताया?
वहीं, बीसीसीआई ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अभिषेक शर्मा की बीमारी को लेकर अपडेट दिया है. बीसीसीआई के अनुसार, अभिषेक शर्मा अभी अपनी बीमारी से ठीक हो रहे हैं और वह प्लेइंग-11 के लिए उपलब्ध नहीं थे. BCCI की मेडिकल टीम उनकी प्रोग्रेस पर करीब से नजर रख रही है.
𝐔𝐩𝐝𝐚𝐭𝐞: Abhishek Sharma is still recovering from his illness and was unavailable for selection. The BCCI medical team is closely monitoring his progress.#TeamIndia | #T20WorldCup | #MenInBlue | #INDvNAM
— BCCI (@BCCI) February 12, 2026
अभिषेक अभी पूरी तरह फिट नहीं
दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ टॉस के बाद सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अभिषेक शर्मा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बल्लेबाज को आराम दिया जा रहा है और वह एक-दो मुकाबले मिस कर सकते हैं. कप्तान सूर्यकुमार यादव के इस बयान ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच बेहद अहम है.
पाक के खिलाफ होने वाले मैच से पहले चिंता
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में ग्रुप ए का मुकाबला खेला जाना है. इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले अभिषेक की फिटनेस पर बना संशय टीम के लिए चिंता का कारण है. उनकी मौजूदगी टीम को मजबूत शुरुआत देती है. अभिषेक शर्मा हाल के महीनों में शानदार फॉर्म में रहे हैं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी विरोधी टीमों पर दबाव बनाती है. अगर वह पाकिस्तान मैच में नहीं खेलते हैं, तो टीम संयोजन में बदलाव करना पड़ सकता है, जिससे रणनीति भी प्रभावित होगी.
संजू को मिला मौका
अभिषेक की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है. कप्तान ने उन्हें विस्फोटक बल्लेबाज बताते हुए भरोसा जताया कि वह मौके का पूरा फायदा उठाएंगे. टीम को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद है. वहीं, गेंदबाजी में भी बदलाव हुआ है. जसप्रीत बुमराह को मोहम्मद सिराज की जगह टीम में लिया गया है. बुमराह की मौजूदगी से डेथ ओवरों में मजबूती आने की उम्मीद है.
रिकवरी पर मैनेजमेंट की नजर
फिलहाल, टीम प्रबंधन उनकी रिकवरी पर नजर रखे हुए है. अंतिम फैसला मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा. भारतीय फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि अभिषेक जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें और बड़े मुकाबले में टीम का हिस्सा बने.