हेड कांस्टेबल होशियार सिंह के सुसाइड नोट से हिल गया पुलिस विभाग, RI पर लगाए वसूली और प्रताड़ना के आरोप
Published on: 09 Feb 2026 | Author: Sagar Bhardwaj
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दारोगा अजय गौड़ की मौत की गुत्थी अभी सुलझी नहीं थी कि मध्य प्रदेश के नीमच से एक और पुलिस कर्मी की सुसाइड का मामला सामने आ गया. नीमच की कनावटी पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल होशियार सिंह ने आला अधिकारियों पर प्रताड़ना और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली.
मौत से पहले होशियार सिंह ने तीन पन्नों का सुसाइड नोट लिखा जिसमें उन्होंने रक्षित निरीक्षक (RI) विक्रम सिंह भदौरिया और हेड कॉन्स्टेबल प्रणव तिवारी पर निशाना साधते हुए खुलासा किया कि पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने और रोजनामा लिखने के नाम पर 5 से 10 हजार रुपए की अवैध वसूली की जा रही है.
विभाग में ईमानदार आदमी का नौकरी करना मुश्किल हो गया है
50 वर्षीय होशियार सिंह ने सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि विभाग में ईमानदार आदमी का नौकरी करना मुश्किल हो गया है और भ्रष्टाचार का विरोध करने पर बड़े अधिकारियों के नाम से डराकर प्रताड़ित किया जाता है.
होशियार सिंह ने विक्रम सिंह और हेड कॉन्स्टेबल पर सीधे आरोप लगाते हुए डीजीपी को लिखा, 'मेरा आवेदन वायरल होने पर पुलिस विभाग मुझे मार सकता है. एसपी साहब के ससुर का टिकट 10 हजार रुपए में आरआई साहब बनवाते हैं. एसपी साहब यहां खेलने आते हैं तो रोज का खर्चा आरआई साहब और अन्य उठाते हैं. नीमच में सब कुछ बिक रहा है, जो लाइन में पैसे देगा उसके प्रति सहानुभूति रहेगी. मुझे आत्महत्या करने की स्वीकृति प्रदान करें.'
इलाज के दौरान तोड़ा दम
रविवार को जहर खाने के बाद होशियार सिंह खुद चलकर कंट्रोल रूम पहुंचे थे, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए होशियार सिंह के सुसाइड नोट ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
क्या बोले नीमच एसपी
होशियार सिंह के आरोपों पर नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि मृत होशियार सिंह ने नशे की हालत में जहर पिया होगा. उन्होंने होशियार सिंह के कार्यकाल पर ही प्रश्न चिह्न लगा दिए. उन्होंने कहा कि वे सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग की जांच कराएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि होशियार सिंह पहले भी कई बार अनियमितताओं के चलते सवालों में रहे. हालांकि उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए जांच की बात कही. होशियार सिंह के शव को पोस्टमार्टम के बाद हरियाणा स्थित उनके पैतृक गांव अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया है.
बेटी बोली जानबूझकर लगाई जाती थी पिता की ड्यूटी
होशियार सिंह की बेटी ने रोते हुए अपने पिता की व्यथा बताई. बेटी अर्पिता ने कहा कि पिताजी का ऑपरेशन हुआ था और वे लगातार परेशान चल रहे थे. अर्पिता ने कहा कि उसके पिता की जानबूझकर ड्यूटी लगाई जाती थी. पिता ड्यूटी को कम करने की बोलते थे लेकिन उन्हें प्रताड़ना का शिकार होना पड़ता था.