T20 World Cup 2026: शानदार फॉर्म में चल रही न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, इस कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए माइकल ब्रेसवेल
Published on: 10 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड की टीम शानदार लय में नजर आ रही है. न्यूजीलैंड ने शुरूआती दो मैचों में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अच्छा आगाज किया है. इस बीच न्यूजीलैंड के लिए एक बुरी खबर सामने आई है. माइकल ब्रेसवेल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. इस बात की आधिकारिक पुष्टि न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने की है.
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी बयान में बताया गया कि माइकल ब्रेसवेल की बाई पिंडली में गंभीर चोट लगी है. यह चोट उन्हें पिछले महीने भारत के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान लगी थी, जिससे वह उबर चुके थे. हालांकि, बीते रविवार को वार्म-अप सत्र के दौरान उनकी पिंडली की मांसपेशी में दोबारा समस्या हुई. इसके बाद कराए गए स्कैन में चोट की गंभीरता सामने आई, जिसके चलते मेडिकल टीम ने आगे खेलने के लिए अनफिट घोषित कर दिया.
🚨 JUST IN 🚨
— Cricbuzz (@cricbuzz) February 10, 2026
New Zealand’s Michael Bracewell has been ruled out of #T20WorldCup2026 after picking up a calf injury during warm-ups against Afghanistan in Chennai#CricketTwitter #NZvsAFG #NXvAFG #T20WorldCup pic.twitter.com/lVASlPajy8
कोल मैककॉन्ची को मिला मौका
ब्रेसवेल के बाहर होने के बाद ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची को टीम के ट्रैवलिंग रिजर्व में शामिल किया गया है. कैंटरबरी किंग्स के कप्तान मैककॉन्ची ने आखिरी बार अप्रैल 2024 में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया था. उनके नाम 133 टी-20 मैचों में 1,920 रन और 83 विकेट दर्ज हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. न्यूजीलैंड टीम अब 14 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी. ऐसे में ब्रेसवेल की गैरमौजूदगी टीम संयोजन पर असर डाल सकती है.
वानिन्दु हसरंगा भी टूर्नामेंट से हुए बाहर
वहीं, श्रीलंका के स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, हसरंगा के बाएं पैर की मांसपेशी में गंभीर खिंचाव आया है. MRI स्कैन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत क्रिकेट से ब्रेक लेने की सलाह दी है. मेडिकल टीम का मानना है कि अगर उन्होंने जल्दबाजी दिखाई तो चोट और गंभीर हो सकती है. इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया.