आवारा कुत्तों ने नोच डाली 6 साल की मासूम बच्ची, शरीर पर आईं गंभीर चोटें, सामने आया खौफनाक वीडियो
Published on: 19 Feb 2026 | Author: Sagar Bhardwaj
कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बुधवार की सुबह कुत्तों के एक समूह ने एक छ साल की बच्ची पर हमला कर दिया. बच्ची की पहचान अन्विता मल्लिकार्जुन शेट्टी के रूप में हुई है जिसकी दांईं आंख पर गंभीर चोट आई है.
हमले का खौफनाक वीडियो आया सामने
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें बच्ची हाथ में एक थैला लिए दुकान की ओर जाती दिखाई दे रही है, वह दुकानदार को उस थैले को थमाकर आगे की तरफ निकल जाती है, हालांकि वीडियो में दुकानदार दिखाई नहीं दे रहा है. जैसे ही वह सीढ़ियों से उतरकर आगे बढ़ती है, पास में खड़ा एक कुत्ता उस पर पीछे से हमला कर देता है, उसके बाद वहां कई सारे और कुत्ते भी आ जाते हैं और बच्ची को नोचना शुरू कर देते हैं. बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर एक महिला दुकान से बाहर निकलती है कुत्तों को भगा देती है और बच्ची को बचा लेती है.
Yet another brutal stray dog attack. 6-year-old girl mauled by a pack of stray dogs in Karnataka's Vijayapura. CCTV shows dogs chasing and attacking her, causing injuries to her eye, hand, legs and back. Residents say a similar incident occurred two months ago in the same area. pic.twitter.com/6X5SYG866E
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) February 19, 2026
बच्ची की आंख पर आई चोट
कुत्तों ने बच्ची की दाईं आंख को बुरी तरह से घायल कर दिया. इसके अलावा बच्ची के शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट आई हैं. अगर वह महिला उस बच्ची को बचाने में जरा भी देर कर देती तो पता नहीं कुत्ते बच्ची का क्या हाल करते.
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर अन्य स्थानीय लोग भी वहां आ जाते हैं. अन्विता की आंख, हाथ, पैरों और कमर पर गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह जिला अस्पताल में भर्ती है जहां उसका इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो महीने पहले उसी क्षेत्र में एक कुत्ते ने एक लड़के पर हमला कर दिया था जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं. इलाके में कुत्तों के बढ़ते हमलों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है. स्थानीय लोग प्रशासन से आवारा कुत्तों को कंट्रोल करने के लिए त्वरित एक्शन लेने की मांग कर रहे हैं.