SL vs ZIM: जिम्बाब्वे का पुराना दौर लौटा, श्रीलंका को हराने के साथ ही लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी, यहां देखें पूरी लिस्ट
Published on: 19 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम ने एक और बड़ा उलटफेर करते हुए मजबूत मानी जा रही श्रीलंका की टीम को 6 विकेट से हरा दिया. यह मुकाबला गुरुवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया.
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 178 रन बनाए थे और जिम्बाब्वे के सामने 179 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में जिम्बाब्वे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए यह लक्ष्य 19.3 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
जिम्बाब्वे ने किया बड़ा उलटफेर
यह जीत कई मायनों में जिम्बाब्वे के लिए खास रही. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में श्रीलंका के खिलाफ भी यह उनका दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है. इस मैच में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने कुल 7 छक्के लगाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में उनकी किसी एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के हैं. इसके अलावा यह किसी फुल मेंबर देश के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की पांचवीं जीत भी है. इससे पहले वे आयरलैंड, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को भी हराकर उलटफेर कर चुके हैं.
ब्रायन बेनेट बने जीत के हीरो
जिम्बाब्वे की जीत के हीरो रहे ओपनर ब्रायन बेनेट, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 63 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे. उनकी पारी में 8 चौके शामिल थे. बेनेट ने टी20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के लिए 50 से ज्यादा रन बनाने के मामले में सीन विलियम्स की बराबरी कर ली है. अब दोनों बल्लेबाजों के नाम 12-12 बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है, जो जिम्बाब्वे के लिए संयुक्त रूप से दूसरा सबसे ज्यादा है.
तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे को बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी ने मजबूत शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया. मारुमानी 34 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद रयान बर्ल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों में 23 रन बनाए. मध्य ओवरों में कप्तान सिकंदर रजा ने जिम्मेदारी संभाली और बेनेट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 69 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
कप्तान रजा की तूफानी पारी
रजा ने 26 गेंदों में 45 रन की उपयोगी पारी खेली. अंत में बेनेट ने संयम बनाए रखा और टीम को जीत तक पहुंचाया. इस जीत से जिम्बाब्वे ने न सिर्फ टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की, बल्कि यह भी दिखा दिया कि वह बड़ी टीमों को चुनौती देने की क्षमता रखती है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका यह प्रदर्शन क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है.