AUS vs SL:निशंका ने शतक जड़कर श्रीलंका को सुपर 8 में पहुंचाया, ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की दहलीज पर धकेला
Published on: 16 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप स्टेज के मुकाबले जारी है. सोमवार को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मैच खेला गया, जिसमें मेजबान श्रीलंका ने शानदार जीत हासिल की. इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.
पल्लेकेले के मैदान पर श्रीलंकाई शेरों ने अपनी दहाड़ से मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. ग्रुप-बी के इस अहम मुकाबले में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए न सिर्फ मैच जीता, बल्कि 'सुपर-8' में अपनी जगह बनाने वाली ग्रुप की पहली टीम भी बन गई. वहीं, इस हार के साथ ही पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है.
निसंका का तूफान, उड़ गए कंगारू
मैच के असली हीरो रहे श्रीलंकाई ओपनर पाथुम निसंका रहे. 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निसंका ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने महज 52 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक डाले. अपनी इस आतिशी पारी में निसंका ने 10 करारे चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास
इस शतक के साथ ही निसंका ने इतिहास रच दिया. वह टी20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने के मामले में महेला जयवर्धने के बाद दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वह अब इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी (हाईएस्ट रन स्कोरर) भी बन गए हैं. ग्रुप स्टेज के तीन मैचों में उनके नाम अब 137 रन हो गए हैं.
कुसल मेंडिस की तूफानी पारी
निसंका के अलावा कुसल मेंडिस ने भी ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण की धज्जियां उड़ाई. मेंडिस ने 38 गेंदों में 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल था. अंत में पवन रत्ननायके ने 15 गेंदों में ताबड़तोड़ 28 रन बनाकर टीम को 18 ओवर में ही जीत की दहलीज पार करा दी.
एलिमिनेशन की कगार पर ऑस्ट्रेलिया
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 181 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों के जोश के आगे यह स्कोर छोटा साबित हुआ. पहले जिम्बाब्वे के हाथों मिली शर्मनाक हार और अब श्रीलंका से मिली इस शिकस्त ने ऑस्ट्रेलिया को एलिमिनेशन की कगार पर खड़ा कर दिया है. अब अगर बाकी समीकरण उनके पक्ष में नहीं रहे, तो कंगारू टीम को जल्द ही घर वापसी की टिकट कटानी पड़ सकती है.