India Super 8 Schedule: फाइनल हुआ भारत का सुपर-8 का शेड्यूल! यहां जानें कब और कहां किस टीम से टकराएगा?
Published on: 16 Feb 2026 | Author: Anuj
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में भारत का विजय अभियान जारी है. टूर्नामेंट में भारत ने अबतक 3 मैच खेले है और तीनों में शानदार जीत दर्ज की है. कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर 61 रनों की रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल की. इस जीत के साथ भारत ने सुपर 8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है.
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में 'मेन इन ब्लू' का प्रदर्शन अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार रहा है. भारत ने अपने ग्रुप स्टेज के शुरुआती तीनों मैचों में जीत दर्ज कर 6 अंक हासिल कर लिए हैं, जिसके चलते उनकी सुपर-8 की सीट कन्फर्म हो गई है. हालांकि, भारत का ग्रुप स्टेज में अभी एक और मुकाबला बचा हुआ है. भारतीय टीम की कोशिश होगी कि वह इस आखिरी लीग मैच को भी जीतकर अपने ग्रुप में टॉप पर रहते हुए अगले राउंड में कदम रखे, ताकि जीत की लय बरकरार रहे.
आसान नहीं होगी सुपर-8 की राह
सुपर-8 का राउंड भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि यहां उनका सामना दुनिया की बेहतरीन टीमों से होगा. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के सुपर-8 ग्रुप में दो बड़ी टीमों (साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज) के नाम तय हो चुके हैं. इन दोनों ही टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में शानदार खेल दिखाते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया है.
पहला मुकाबला (22 फरवरी)
ग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद भारत सुपर-8 में अपना अभियान 22 फरवरी को शुरू करेगा. इस दिन भारत का सामना मजबूत साउथ अफ्रीका की टीम से होगा. यह मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार है.
दूसरा मुकाबला (26 फरवरी)
इसके बाद भारतीय टीम 26 फरवरी को अपना दूसरा सुपर-8 मैच खेलने के लिए चेन्नई के मैदान पर उतरेगी. हालांकि, इस मैच में भारत के सामने कौन होगा, यह अभी पूरी तरह तय नहीं है. समीकरणों के मुताबिक, यहां भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया या जिम्बाब्वे में से किसी एक टीम से होने की संभावना है. इसका फैसला आने वाले एक-दो दिनों में हो जाएगा.
तीसरा मुकाबला (1 मार्च)
सुपर-8 राउंड का भारत का आखिरी और बेहद अहम मुकाबला 1 मार्च को खेला जाएगा. इस दिन भारतीय टीम का सामना वेस्टइंडीज से होगा. वेस्टइंडीज इस टूर्नामेंट में अब तक बेहद खतरनाक फॉर्म में नजर आई है. यह रोमांचक मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस मैदान पर आयोजित होगा.
अन्य टीमों का क्या है हाल?
सुपर-8 की तस्वीर अब काफी हद तक साफ होने लगी है. कुल मिलाकर 8 में से 5 टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली है. भारत के अलावा साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और न्यूजीलैंड अगले दौर में पहुंच चुके हैं.